Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची की लोअर बाजार थाना पुलिस ने एसी कॉपर वायर चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और कबाड़ी दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया 8 किलो कॉपर वायर भी बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्बला चौक अलीनगर निवासी मो. आसिफ उर्फ नेपाली और कोकर चुना भट्ठा निवासी महेश लोहरा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पहला मामला लोअर बाजार थाना कांड संख्या 88/2026 से जुड़ा है। इस मामले में कांके रोड चांदनी चौक स्थित पंचवटी रेजीडेंसी निवासी सौरभ अग्रवाल ने 13 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मेन रोड स्थित सर्वदा ज्वेलर्स की छत पर लगे एसी से तांबे का वायर चोरी कर लिया गया। वहीं दूसरा मामला थाना कांड संख्या 80/2026 का है। इसमें चुटिया गोसाई टोला निवासी गुरुलाल ने 26 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि सुजाता चौक मेन रोड स्थित बैन हथुसैन स्टोर से कॉपर वायर चोरी हो गया था।
यह भी पढ़ें: पलामू में जमीन विवाद में हत्या और फायरिंग मामला, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने पुराने अपराधियों और संदिग्धों का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मो. आसिफ उर्फ नेपाली चोरी किए गए एसी कॉपर वायर को कोकर चुना भट्ठा स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेचता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लक्ष्मी लकड़ा कबाड़ी दुकान में छापेमारी कर 8 किलो चोरी का कॉपर वायर बरामद किया।
कबाड़ी दुकानदार भी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कबाड़ी दुकान संचालक महेश लोहरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मो. आसिफ उर्फ नेपाली का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह समेत थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।