Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :झारखंड के गोड्डा जिले में मंगलवार और बीती रात हुए अलग-अलग हादसों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई तीन घटनाओं में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
यह भी पढ़ें :पिठौरिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-बाइक टक्कर में युवक की मौत
बस-बाइक टक्कर में युवती की मौत, 3 घायल
बलबड्डा थाना क्षेत्र के घोरीचक चौक के पास बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय जुली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेहरमा भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। सभी पीड़ित भागलपुर जिले के ईशीपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आए दो सगे भाई
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सहारपुरा गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो सगे भाइयों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान निरंजन मंडल और संजय मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूरी कर लौट रहे थे, तभी बालू लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन को हादसों का कारण बताया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत
इसी बीच बंका गांव में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
12 वर्षीय विशाल कुमार और 10 वर्षीय नित्यम कुमार स्कूल से लौटने के बाद खेलने निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान दोनों के शव तालाब से बरामद किए गए। दोनों बच्चे दिनेश कुमार पंडित के पुत्र थे, जो ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पूरे इलाके में मातम, जांच जारी
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पूरे गोड्डा जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और हादसों के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Reporter | Samachar Post