Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : मध्यप्रदेश और झारखंड के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भोपाल और धनबाद के बीच नई ट्रेन सेवा आज से शुरू हो रही है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर शाम 7:30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्री इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। इसी अवसर पर भोपाल–चोपन ट्रेन सेवा का भी उद्घाटन होगा।
उद्घाटन स्पेशल का शेड्यूल
उद्घाटन स्पेशल ट्रेन बुधवार शाम 7:20 बजे धनबाद पहुंचेगी। वापसी में 25 फरवरी को रात 11 बजे धनबाद से रवाना होगी।अगले दिन रात 10:35 बजे भोपाल पहुंचेगी। 1 मार्च से यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन नियमित रूप से चलेगी। टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: 10 सर्कुलर रोड पर सियासी ब्रेक, फिलहाल खाली नहीं होगा आवास
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
इस नई सेवा से भोपाल और धनबाद के बीच सफर आसान और सीधा हो जाएगा। अब व्यापार, शिक्षा, नौकरी और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वालों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। पहले सीधे विकल्प सीमित थे, जिससे यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी।
धनबाद स्टेशन पर 6 नाबालिगों का रेस्क्यू
सोमवार को धनबाद स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की सूचना पर आरपीएफ, रेल पुलिस और रेलवे चाइल्ड लाइन की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। जसीडीह से वास्को द गामा जा रही साप्ताहिक ट्रेन से छह नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। आशंका है कि बच्चों को मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था। बाल अधिकार कार्यकर्ता शंकर रवानी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद एडीजी रेल और रेल पुलिस अधीक्षक को ई-मेल किया गया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई हुई। फिलहाल बच्चों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।