Samachar Post रिपोर्टर, रांची : होली और डोल यात्रा के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सुविधा देने के लिए तीन जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें टाटानगर–बक्सर, रांची–झंझारपुर और सांतरागाछी–दरभंगा रूट पर चलाई जाएंगी, जिससे झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
टाटानगर–बक्सर होली स्पेशल
टाटानगर–बक्सर होली स्पेशल (ट्रेन संख्या 08183/08184) का संचालन 3 मार्च से 31 मार्च 2026 तक किया जाएगा। 08183 टाटा–बक्सर प्रत्येक मंगलवार शाम 5:10 बजे टाटानगर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:15 बजे बक्सर पहुंचेगी। 08184 बक्सर–टाटा 4 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक बुधवार दोपहर 12:00 बजे बक्सर से चलकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रहेगा।
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव से पहले पलामू में बड़ी कार्रवाई, 9 लोग जिला बदर, हथियार सत्यापन अभियान तेज
रांची–झंझारपुर के लिए विशेष सुविधा
रांची–झंझारपुर होली स्पेशल (08105/08106) 2 मार्च से 30 मार्च 2026 तक संचालित होगी। 08105 रांची–झंझारपुर प्रत्येक सोमवार रात 10:50 बजे रांची से प्रस्थान कर अगले दिन शाम 4:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। 08106 झंझारपुर–रांची 3 मार्च से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार शाम 6:00 बजे झंझारपुर से चलकर अगले दिन दोपहर 12:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस रूट पर भी चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में ठहराव दिया गया है।
सांतरागाछी-दरभंगा के बीच भी स्पेशल ट्रेन
सांतरागाछी–दरभंगा होली स्पेशल (08109/08110) 3 मार्च से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार चलाई जाएगी। 08109 सांतरागाछी–दरभंगा सुबह 7:30 बजे सांतरागाछी से खुलकर शाम 7:05 बजे दरभंगा पहुंचेगी। 08110 दरभंगा–सांतरागाछी दरभंगा से रात 9:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 9:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों ओर रहेगा।
सभी वर्गों के लिए सुविधा
रेलवे के मुताबिक, इन सभी होली स्पेशल ट्रेनों में साधारण द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित कोच की व्यवस्था रहेगी। त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव देने के लिए यह विशेष पहल की गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।