प्रशिक्षण पूरा कर घर लौटे सेना के जवान जितेंद्र सिंह का भव्य स्वागत, क्षेत्र में खुशी की लहर

Rupa Kumari | June 25, 2026 | 12:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत मंगरा पंचायत के अमडीहा गांव निवासी जितेंद्र सिंह के भारतीय सेना में चयन और प्रशिक्षण पूरा कर घर लौटने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। हैदराबाद में सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब वे अपने गांव पहुंचे तो उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जितेंद्र सिंह की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

शॉल और माला पहनाकर किया सम्मानित

गुरुवार को यूथ कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह जवान के आवास पहुंचे और शॉल ओढ़ाकर तथा माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया। विजय बहादुर सिंह ने कहा कि देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों का सम्मान करना गर्व की बात है। भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते हैं, इसलिए समाज को उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए।

यह भी पढ़ें: खान सर की जमानत पर फैसला टला, अधूरी केस डायरी पर कोर्ट ने पुलिस से मांगा जवाब

युवाओं के लिए बने प्रेरणा

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जितेंद्र सिंह की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और समर्पण से अन्य युवा भी सेना सहित विभिन्न सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। जवान जितेंद्र सिंह ने बताया कि हैदराबाद में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली पदस्थापना पश्चिम बंगाल में हुई है। उन्होंने कहा कि देश सेवा का अवसर मिलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है और वे पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

Share this news

संबंधित खबरें