Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण रविवार और सोमवार को कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को छोड़कर बाकी 20 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाने की सलाह दी गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
राज्य में बारिश के कारण तापमान में भी बदलाव देखा गया है। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 41°C दर्ज किया गया, जबकि रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 22°C रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में सबसे अधिक 50.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बोकारो में 30 मिमी बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: झारखंड के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी
अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूर्वोत्तर भारत तक पहुंच चुका है और धीरे-धीरे इसकी गतिविधियां झारखंड में भी बढ़ने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।