जामताड़ा में पर्यावरण दिवस पर ‘फर्जी पौधारोपण’ का खुलासा, बिना जड़ की डालियां गाड़कर किया गया फोटो सेशन

Rupa Kumari | June 6, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जहां पूरे देश में पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, वहीं जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड की तरकोजीरी पंचायत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित रूप से केवल फोटो सेशन और औपचारिकता पूरी करने के लिए बिना जड़ वाली सूखी डालियों को जमीन में गाड़कर पौधारोपण दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान पंचायत परिसर में आम, बरगद और पीपल जैसे पेड़ों के नाम पर पांच “पौधे” लगाए गए, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार ये वास्तविक पौधे नहीं थे, बल्कि हरी-भरी दिखने वाली सूखी डालियां थीं जिन्हें केवल प्रतीकात्मक रूप से जमीन में गाड़ दिया गया।

दोपहर में खुला फर्जीवाड़ा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान फोटो खिंचवाकर औपचारिकता पूरी कर ली गई। लेकिन कुछ ही घंटों बाद जब डालियां सूखने लगीं, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ और जांच के बाद पूरा मामला सामने आया। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस एक्टिव, भूपेश बघेल और अजय शर्मा पहुंचे रांची

ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों ने इस पूरे आयोजन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पर्यावरण दिवस का उद्देश्य केवल दिखावा नहीं, बल्कि वास्तविक पौधारोपण और उनकी देखभाल होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस तरह की औपचारिक और प्रतीकात्मक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे सरकारी कार्यक्रमों की गंभीरता पर सवाल के रूप में देख रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें