Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन, 39 सिम कार्ड और एक टैब बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : चाईबासा में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार व्यवसायी घायल, बड़ा हादसा टला
गुप्त सूचना पर कई स्थानों पर हुई छापेमारी
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियारसोल और मटटांड़ तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा-पोसोई में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करमाटांड़ थाना क्षेत्र से 5 और जामताड़ा थाना क्षेत्र से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 44/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
27 मोबाइल, 39 सिम कार्ड और टैब बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 27 मोबाइल फोन, 39 सिम कार्ड और एक टैब जब्त किया। पुलिस के अनुसार, इन उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी को अंजाम देने में किया जा रहा था। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को PhonePe कैशबैक का झांसा देकर ठगी करते थे। वे लोगों को कैशबैक स्वीकार करने के लिए कहते थे। जैसे ही पीड़ित रिक्वेस्ट स्वीकार करता था, उसके खाते से रकम साइबर अपराधियों के फर्जी ई-वॉलेट में ट्रांसफर हो जाती थी। इसके अलावा आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से एटीएम नंबर, सीवीवी, ओटीपी और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे और फिर खातों से पैसे निकाल लेते थे।

वकालत की तैयारी कर रहा युवक भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अमृत रूईदास भी शामिल है। पुलिस के अनुसार वह पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले का रहने वाला है और अपने ससुराल पोसोई में रह रहा था। बताया गया कि वह वकालत की तैयारी कर रहा था, लेकिन बाद में साइबर अपराधियों के संपर्क में आकर गिरोह का हिस्सा बन गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुजाहिद अंसारी और सलामत अंसारी के खिलाफ पहले से भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं और दोनों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, कैशबैक ऑफर या बैंक से जुड़े फोन पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि ओटीपी, एटीएम नंबर, सीवीवी या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Reporter | Samachar Post

