Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : शहर के महेंद्र सिंह पेट्रोल पंप के सामने शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में शीतला मंदिर निवासी व्यवसायी सुबोध पोद्दार घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वह बाइक से किसी काम से जा रहे थे और पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर एक टोटो खड़ी थी। इसी वजह से सुबोध पोद्दार को पीछे से आ रहे ट्रक का सही अंदाजा नहीं लग सका और दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को सहायता उपलब्ध कराई। राहत की बात यह रही कि ट्रक की रफ्तार काफी कम थी। इसी कारण सुबोध पोद्दार को केवल हल्की चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें : सरायकेला में युवक की हत्या से सनसनी: सुबह विवाद, दोपहर में धारदार हथियार से हमला कर ली जान

स्थानीय लोगों ने उठाए यातायात व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों, विशेषकर टोटो, पर चिंता जताई। उनका कहना है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और सड़क किनारे अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Reporter | Samachar Post

