Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत भेलुआ पंचायत के चरकमारा गांव में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान मणिलाल सोरेन (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
धान रोपाई की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे मणिलाल सोरेन अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से मणिलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद कुंडहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मणिलाल सोरेन परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो नाबालिग बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़ें : अग्रवाल बंधु हत्याकांड: लोकेश चौधरी को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, जमानत याचिका वापस

मुआवजे की मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार को ऐसे प्रभावित परिवारों की तत्काल मदद करनी चाहिए। मौसम विभाग और प्रशासन लगातार लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील कर रहे हैं। विशेष रूप से किसानों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी जाती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

