Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा पार्टी नेता अजय शर्मा रांची पहुंचे। दोनों नेताओं को कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके आगमन को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों पर्यवेक्षकों का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और नारेबाजी कर उत्साह जताया। सूत्रों के अनुसार, दोनों पर्यवेक्षक रांची प्रवास के दौरान कांग्रेस विधायकों और महागठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में राज्यसभा चुनाव की रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: निर्दलीय प्रत्याशी रवि कुमार यादव ने समर्थन जुटाने की तेज की कोशिश
महागठबंधन की एकजुटता का दावा
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और संयुक्त उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। पार्टी का कहना है कि सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव में मजबूती से उतरेंगे। राजनीतिक हलकों में अब सभी की नजर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अगले कदम पर टिकी है। यदि झामुमो दूसरा उम्मीदवार उतारता है तो राज्यसभा चुनाव का मुकाबला और अधिक रोचक हो सकता है। फिलहाल कांग्रेस और गठबंधन दल रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।