Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया में हलचल तेज हो गई है। अब तक कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें कुछ चर्चित और अप्रत्याशित नाम भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है उनमें परिमल नाथवाणी वी विजयसाईं रेड्डी, रवि कुमार यादव, बैजनाथ राम, गौरव वल्लभ और प्रणव झा शामिल हैं। परिमल नाथवाणी पहले भी झारखंड से 2008 और 2014 में राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। वे राज्यसभा में कई महत्वपूर्ण समितियों से जुड़े रहे हैं।
विजयसाई रेड्डी का नाम चर्चा में
वी. विजयसाई रेड्डी चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और आंध्र प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे वाईएसआरसीपी (YSRCP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी, लेकिन उनका नामांकन पत्र खरीदना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। झामुमो ने अपने उम्मीदवार के रूप में बैजनाथ राम को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें: JMM ने राज्यसभा चुनाव के लिए बैजनाथ राम की उम्मीदवारी पर ठोका दावा, 8 जून को होगा नामांकन
बहुमत का गणित बना रोचक
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि नामांकन पत्र खरीदने वाले कई उम्मीदवारों की मौजूदगी से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। हालांकि किसी भी प्रत्याशी को नामांकन दाखिल करने के लिए न्यूनतम 9 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी, जिससे अंतिम मुकाबला और भी महत्वपूर्ण बन जाता है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि कौन-कौन प्रत्याशी नामांकन दाखिल करता है और किसके पक्ष में राजनीतिक समीकरण बनते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।