Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते का इस्तीफा राज्यपाल संतोष गंगवार ने स्वीकार कर लिया है। मंगलवार देर रात सौंपे गए त्यागपत्र को मंजूरी मिलने के बाद इसे मुख्य सचिव के माध्यम से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग को आवश्यक अधिसूचना जारी करने के लिए भेज दिया गया है। एल. ख्यांग्ते के इस्तीफे को लेकर जारी घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब 14वीं जेपीएससी परीक्षा और आयोग की अन्य नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर विवाद और जांच का दौर जारी है।
इस्तीफे में पारदर्शिता और निष्पक्षता का किया उल्लेख
अपने त्यागपत्र में एल. ख्यांग्ते ने लिखा है कि उनके कार्यकाल के दौरान आयोग ने पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कार्य किया। उन्होंने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आयोग कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। ख्यांग्ते के अनुसार, आयोग की गरिमा, निष्पक्षता और पारदर्शिता को बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।
कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा है विवाद
पिछले कुछ समय से जेपीएससी की विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद बना हुआ है। आरोप लगाए गए हैं कि परीक्षा संचालन का जिम्मा उत्तर प्रदेश की एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को सौंपा गया था। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया और परिणामों को लेकर भी कई शिकायतें सरकार तक पहुंची थीं। इन आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई, जिसके तहत सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने हाल ही में जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी। जांच के दौरान परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन कल, BJP कार्यालयों का होगा घेराव

छापेमारी के बाद तेज हुआ घटनाक्रम
सीआईडी की कार्रवाई के बाद जेपीएससी को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच एल. ख्यांग्ते के इस्तीफे की खबर सामने आई, जिसे अब राज्यपाल ने औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद आयोग के नेतृत्व और चल रही जांच को लेकर आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, परीक्षा से जुड़े आरोपों की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

