JMM ने राज्यसभा चुनाव के लिए बैजनाथ राम की उम्मीदवारी पर ठोका दावा, 8 जून को होगा नामांकन

Rupa Kumari | June 6, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए पूर्व मंत्री Baijnath Ram को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने दावा किया है कि उसके सभी विधायक पूरी एकजुटता के साथ उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार चयन का अधिकार पूरी तरह पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दिया गया था, जिसके बाद विचार-विमर्श कर बैजनाथ राम के नाम पर मुहर लगाई गई।

34 विधायकों के समर्थन का दावा

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो के पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है और सभी 34 विधायक एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान राजनीतिक समीकरण पार्टी के पक्ष में हैं और जीत को लेकर किसी प्रकार की दुविधा नहीं है। पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि बैजनाथ राम आगामी 8 जून (सोमवार) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: रांची पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

सामाजिक प्रतिनिधित्व पर जोर

झामुमो ने कहा कि बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाए जाने का उद्देश्य दलित और वंचित वर्गों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करना है। पार्टी का मानना है कि यह फैसला सामाजिक संतुलन के साथ-साथ आगामी चुनावों में भी सकारात्मक राजनीतिक संदेश देगा।

Share this news

संबंधित खबरें