धोनी करेंगे झारखंड T-20 लीग का आगाज, कनिका कपूर की प्रस्तुति से सजेगा उद्घाटन समारोह

Rupa Kumari | June 9, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रही झारखंड T-20 लीग का भव्य आगाज 10 जून से रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में होगा। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और राज्य में क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह चरम पर है।उद्घाटन समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। धोनी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे और राज्य में क्रिकेट को नई दिशा देने की इस पहल का हिस्सा बनेंगे। समारोह को और भव्य बनाने के लिए मशहूर गायिका कनिका कपूर अपनी लाइव प्रस्तुति देंगी, जिससे उद्घाटन कार्यक्रम में मनोरंजन और संगीत का खास रंग जुड़ जाएगा।

टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल

लीग चरण में प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे पहला मैच दोपहर 12 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। 22 जून को दोनों सेमीफाइनल और 23 जून को रात 7:30 बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसके साथ पहले संस्करण के विजेता का फैसला होगा। इस लीग में राज्य की छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। उद्घाटन दिन छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जबकि दूसरे मैच में कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स आमने-सामने होंगी।

यह भी पढ़ें: झारखंड टी-20 लीग: छोटानागपुर रॉयल्स ने किया ट्रॉफी का अनावरण, जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी टीम

फ्री एंट्री और लाइव प्रसारण

क्रिकेट प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। वहीं सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण JioHotstar और DD Sports पर किया जाएगा, जिससे दर्शक घर बैठे भी मैचों का आनंद ले सकेंगे। JSCA अधिकारियों के अनुसार यह लीग झारखंड के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच देने के साथ-साथ राज्य में क्रिकेट संस्कृति को नई ऊंचाई देगी।

Share this news

संबंधित खबरें