झारखंड टी-20 लीग: छोटानागपुर रॉयल्स ने किया ट्रॉफी का अनावरण, जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी टीम

Anupam Mishra | June 8, 2026
  • 10 जून से शुरू होने वाली लीग के लिए तैयारियां पूरी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड टी-20 लीग के आगाज से पहले छोटानागपुर रॉयल्स ने सोमवार को हीनू में भव्य ट्रॉफी अनावरण समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में टीम प्रबंधन, खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ, प्रायोजक और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। टीम के टाइटल स्पॉन्सर हिलटॉप मोटर्स के मालिक शिव कुमार ने कहा कि छोटानागपुर रॉयल्स केवल एक क्रिकेट टीम नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आकांक्षाओं और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने टीम को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। टीम के मालिक आदित्य धानुका ने कहा कि झारखंड में क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना उनका मुख्य उद्देश्य है।

सह-मालिक जेपी सिंघानिया ने कहा कि “छोटानागपुर रॉयल्स” नाम झारखंड की समृद्ध विरासत और गौरव को सम्मान देने के लिए चुना गया है। मुख्य कोच इशांक जग्गी ने लीग को राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर बताते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। कप्तान विराट सिंह ने टीम प्रबंधन के विश्वास पर खरा उतरने और जीत के इरादे से मैदान में उतरने की बात कही, जबकि उपकप्तान नदीम सिद्दीकी ने खिलाड़ियों को मिले अवसर के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ट्रॉफी का अनावरण रहा। इसके बाद खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन ने सामूहिक फोटो सत्र में हिस्सा लिया। छोटानागपुर रॉयल्स ने अपनी टैगलाइन “रॉयल सोच, रॉयल जोश” के साथ 10 जून से शुरू हो रही झारखंड टी-20 लीग में दमदार प्रदर्शन का संकल्प दोहराया।

Share this news

संबंधित खबरें