Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र स्थित बासनली मोड़ के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा।
पीछे से ट्रैक्टर में मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दुमका से गोविंदपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर (WB 23 E 3439) टायर मरम्मत कर लौट रहे ट्रैक्टर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार 35 वर्षीय उमेश महतो वाहन से गिरकर ट्रेलर के पहिए की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन सड़क पर उतर आए। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की टीम और क्यूआरटी जवान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक उमेश महतो अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील ग्रेड रिवीजन: MGB पर नहीं बनी सहमति, HRA और नाइट शिफ्ट अलाउंस बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित यातायात निगरानी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। साथ ही फतेहपुर से नारायणपुर के करमदहा मोड़ तक लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में ट्रॉमा सेंटर नहीं होने पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से कई जानें बचाई जा सकती हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।