Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के रजिस्ट्रार कार्यालय परिसर में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। जमीन की खरीद-बिक्री और मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन के दौरान बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को जब दोनों पक्ष जमीन के रजिस्ट्रेशन के सिलसिले में रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, तभी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

वायरल वीडियो से उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रजिस्ट्रार कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन संबंधी मामलों को लेकर कार्यालय परिसर में अक्सर तनावपूर्ण स्थिति बनी रहती है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते।
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, गढ़वा समाहरणालय के नाजीर पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि वायरल वीडियो के बाद घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
