Samachar Post रिपोर्टर, रांची : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने पूरे झारखंड में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत प्रदेश के सभी मंडलों में पौधे लगाए गए, जिसमें पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश नेतृत्व ने विभिन्न जिलों में किया वृक्षारोपण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड स्थित कुच्चू मंडल में पौधारोपण किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के रॉक गार्डन परिसर में अभियान में हिस्सा लिया। इसके अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास,चंपई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न जिलों और मंडलों में पौधारोपण किया।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में भागीदारी कर हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का साझा दायित्व है।
यह भी पढ़ें: 35 वर्षों से हरियाली की अलख जगा रहे राखोहरि महतो, 10 हजार से अधिक पेड़ लगाकर बने मिसाल
मां के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। भाजपा नेताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।