Samachar Post रिपोर्टर, रांची: देशभर में आम लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 25 मई से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है। कीमतों में बदलाव के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया है। मार्च 2024 के बाद यह पहली बार है जब ईंधन के दामों में बदलाव किया गया है। जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी इसकी बड़ी वजह है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका विवाद के कारण क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई हैं। तेल कंपनियों के मुताबिक लंबे समय से बढ़ती लागत के बावजूद कीमतों को स्थिर रखा गया था, लेकिन अब वित्तीय दबाव बढ़ने के कारण दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बिक्री में हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें: हीटवेव पर विधानसभा अध्यक्ष सख्त, सभी डीसी को राहत व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
कैसे तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और टैक्स संरचना के आधार पर तय होती हैं। इसमें रिफाइनिंग लागत, कंपनियों का मार्जिन, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्यों का वैट शामिल होता है। यही वजह है कि अलग-अलग राज्यों में ईंधन की कीमतें अलग होती हैं।
पीएम मोदी ने की थी ईंधन बचाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में तेलंगाना में आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों से पेट्रोलियम उत्पादों के संयमित इस्तेमाल की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन की बचत बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने लोगों से गैरजरूरी खर्चों में कटौती करने और ऊर्जा बचत को अपनाने की भी सलाह दी थी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।