Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित कटैया पंचायत के भाखरा गांव में शुक्रवार रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गांव में कई घरों और स्कूल को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, भाखरा गांव निवासी 47 वर्षीय पृथ्वी सिंह शुक्रवार रात बासोडीह बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ बालू माफिया, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पलटा
ग्रामीणों ने बचाई जान
किसी तरह जान बचाकर पृथ्वी सिंह पास के एक घर की ओर भागे और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें RIMS भेज दिया।
हाथियों ने घर और स्कूल में मचाई तबाही
जंगली हाथियों के झुंड ने गांव में कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। हाथियों ने स्कूल कार्यालय में रखी अलमारी और अन्य सामान तोड़ दिए। इसके अलावा 80 वर्षीय राजा सिंह के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा गेहूं खा लिया और उसे बर्बाद कर दिया। वहीं 55 वर्षीय बाले राम के घर की दीवार को भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रहे हाथी हमलों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से हाथियों का आतंक जारी है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी हाथियों के हमले में एक युवक की जान जा चुकी है। विरोध में दो बार सड़क जाम भी किया गया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post