जामताड़ा में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ बालू माफिया, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पलटा

Rupa Kumari | May 9, 2026 | 01:51 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा में अवैध बालू खनन के खिलाफ चल रही प्रशासनिक कार्रवाई के बीच बालू माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। शनिवार को दक्षिण बहाल गांव के पास अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया, लेकिन चालक पुलिस और माइनिंग विभाग की टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

थाने ले जाते समय ट्रैक्टर पलटा

जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में जामताड़ा पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ा था। जब टीम ट्रैक्टर को थाने ले जा रही थी, तभी चालक ने बीच रास्ते में अचानक ट्रॉली का हाइड्रोलिक सिस्टम चालू कर डाला पलटा दिया। इस दौरान सड़क पर बालू फैल गया और चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि पुलिस और माइनिंग विभाग की गाड़ियां ट्रैक्टर से कुछ दूरी पर थीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर विभागीय वाहन ट्रैक्टर के बिल्कुल पीछे होते तो पलटी ट्रॉली की चपेट में अधिकारी और पुलिसकर्मी आ सकते थे। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें: पाकुड़ में दर्दनाक हादसा, सोते समय मासूम को उठा ले गया सियार, दो माह की बच्ची की मौत

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

जामताड़ा में अवैध बालू कारोबार से जुड़े मामलों में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जब्त किए गए ट्रैक्टरों को माफियाओं द्वारा छुड़ाकर ले जाने और अधिकारियों को धमकी देने के मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में माइनिंग इंस्पेक्टर की रेकी करने और जान से मारने की धमकी देने को लेकर भी मामला दर्ज किया गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अवैध खनन माफियाओं का बढ़ता मनोबल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। विभागीय अधिकारियों और पुलिस टीम पर दबाव बनाने की कोशिशें भी हो रही हैं। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें