Samachar Post रिपोर्टर, पूर्वी सिंहभूम: जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हुई। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं। जानकारी के अनुसार नीलकंठ नायक सोमवार को जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के पास सड़क पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया।
जान बचाने के लिए भागे, हाथी ने खेत में घेरा
अचानक हाथियों को सामने देखकर नीलकंठ ने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी बीच एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने उन्हें पटक दिया और उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह नीलकंठ वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में जंगली हाथी का हमला, खेत में काम कर रही महिला की मौत
गंभीर हालत में झाड़ग्राम रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समीर मोहंती भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं वन विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया।
इलाके में दहशत का माहौल
ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास पिछले कई दिनों से सात हाथियों का झुंड घूम रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। कई बार हाथी मुख्य सड़क तक पहुंच जाते हैं, जिससे रात के समय आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।