Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :भीषण गर्मी के बीच गढ़वा सदर अस्पताल की लापरवाही सामने आई है, जहां पंखे और एसी बंद पड़े होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में भर्ती मरीज गर्मी से तड़प रहे हैं, जबकि परिजन किसी तरह हाथ के पंखों से राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां मरीजों का इलाज होता है, उसी ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में भी पंखे और एसी मौजूद होने के बावजूद काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों के इलाज के दौरान भी गर्मी से हालात और चुनौतीपूर्ण हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें :धनबाद में फिर भू-धंसान, 10 घर जमींदोज, 4 घायल-एक की हालत गंभीर
कागजों में हाईटेक, हकीकत में बदहाल व्यवस्था
गढ़वा सदर अस्पताल को कागजों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जाता है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके बिल्कुल उलट नजर आ रही है। बुनियादी सुविधाओं के ठप होने से अस्पताल प्रबंधन और सरकारी दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
मरीज और परिजन बेहाल, हाथ के पंखों का सहारा
गर्मी से राहत पाने के लिए मरीजों के परिजन पारंपरिक तरीकों का सहारा लेने को मजबूर हैं। अस्पताल में पर्याप्त वेंटिलेशन और कूलिंग की व्यवस्था नहीं होने से हालात और बिगड़ रहे हैं।
डीसी का आश्वासन- जल्द सुधरेगी व्यवस्था
मामले को लेकर गढ़वा के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि उन्होंने कई स्थानों का निरीक्षण किया है, जहां पंखे और एसी उपलब्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी समस्या है, उसे जल्द ठीक कराकर सभी सुविधाएं बहाल की जाएंगी।
Reporter | Samachar Post