बेंगलुरु में झारखंड की इंजीनियर की संदिग्ध मौत, डिप्रेशन में थी पूजा दत्ता

Rupa Kumari | April 30, 2026 | 03:24 PM IST
  • कोविड में पति को खोने के बाद बढ़ा अकेलापन, एक साल से परिवार से टूटा था संपर्क

Samachar Post डेस्क, रांची: बेंगलुरु कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में झारखंड की सॉफ्टवेयर इंजीनियर पूजा दत्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस इस घटना की जांच आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं से कर रही है, हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: रांची फ्लाईओवर प्रोजेक्ट: 10 मई तक मुआवजा क्लेम जरूरी, वरना राशि जाएगी सरकारी खाते में

फ्लैट में मिला शव, हालात संदिग्ध

पूजा दत्ता का शव उनके किराये के फ्लैट में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पूजा ने करीब एक साल पहले अपनी नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया और परिवार व दोस्तों से संपर्क लगभग खत्म कर दिया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को दीवारों पर अकेलापन, प्यार, भरोसा, संतुष्टि, शांति और अहंकार जैसे शब्द लिखे मिले, जो उनके मानसिक हालात की ओर इशारा करते हैं। परिजनों के अनुसार, पूजा ने COVID-19 महामारी के दौरान अपने पति को खो दिया था। इस घटना के बाद से वह गहरे सदमे में थीं और सामान्य जीवन में लौट नहीं पाई थीं।

संदिग्ध युवक की भूमिका की भी जांच

पुलिस एक ऐसे युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो अक्सर उनके फ्लैट पर आता-जाता था। फिलहाल, हत्या के ठोस सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी संभावित एंगल से जांच जारी है। मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह? पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share this news

संबंधित खबरें