गढ़वा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार; दहेज हत्या का आरोप

Rupa Kumari | July 2, 2026 | 12:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र स्थित बभनी गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गुलशन आरा खातून के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची बरडीहा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

परिजनों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

मृतका की बहन शैमून खातून ने बरडीहा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पति मो. सैफ खान, देवर मो. कैफ खान, सास नसीबा बीबी और ससुर नसरुल्लाह खान उर्फ राज कपूर पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद से ही आरोपित बुलेट मोटरसाइकिल और जमीन की मांग को लेकर गुलशन आरा को प्रताड़ित करते थे। परिजनों के अनुसार एक बार पंचायत के माध्यम से समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से दहेज की मांग और मारपीट जारी रही। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गुलशन आरा की गला दबाकर हत्या कर दी गई।

पति गिरफ्तार, अन्य आरोपितों की तलाश जारी

परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पति, देवर, सास और ससुर घर छोड़कर फरार हो गए थे। हालांकि ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पति मो. सैफ खान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें:रांची की शराब फैक्ट्री में देर रात छापेमारी, पूर्व MLC समेत तीन गिरफ्तार; भेजे गए जेल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मृतका के परिजनों ने मामले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका के गले पर दबाव के निशान और दाहिने पैर के अंगूठे पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें