मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पश्चिमी सिंहभूम के कई गांवों में डायरिया का प्रकोप, पांच की मौत; स्वास्थ्य विभाग ने संभाली कमान

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड में डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। अब तक इस बीमारी से पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों ग्रामीण बीमार हैं। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र कादोजामदा पंचायत के कादोजामदा और पादापहाड़ गांव, तथा मोहदी पंचायत के मोहदी और मुंडासाई गांव बताए जा रहे हैं। शुरुआती दिनों में बीमार ग्रामीण घरेलू उपचार पर ही निर्भर थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। जब मौतों का सिलसिला शुरू हुआ, तब पंचायत समिति सदस्य मंजू पूर्ति ने मामले की सूचना स्थानीय विधायक सोनाराम सिंकु को दी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

यह भी पढ़ें : NDA आज करेगा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, महागठबंधन में भी सुलझ सकता है सीट बंटवारे का विवाद

स्वास्थ्य विभाग ने उठाए त्वरित कदम

विधायक सोनाराम सिंकु ने जिले के सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो कुमार माझी को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा दल भेजा जाए और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोवामुंडी और आसपास के गांवों में मोर्चा संभाला। साथ ही टाटा स्टील अस्पताल, नोवामुंडी से भी सहायता ली गई, जहां अब तक 8 से 10 मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें से चार से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

गंदे पानी से फैला संक्रमण

ग्रामीणों के अनुसार, हाल की बारिश के बाद पीने के पानी की गुणवत्ता खराब हो गई थी। गंदे जल स्रोतों के कारण संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब पानी के नमूने लेकर जांच कर रही हैं और गांवों में स्वच्छता की स्थिति का मूल्यांकन किया जा रहा है। ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने और खुले में शौच से परहेज करने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, अब भी कई ग्रामीणों में डायरिया के लक्षण देखे जा रहे हैं, जिससे गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और दवाओं व स्वास्थ्य सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। स्वास्थ्य शिविरों के जरिए निगरानी लगातार जारी है ताकि बीमारी को और फैलने से रोका जा सके।

https://samacharpost.live/2025/10/bihar-assembly-election-nda-candidates-announcement/

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment