झारखंड में अगले पांच दिन बारिश का अलर्ट, कोडरमा-चतरा में मौसम ने बरपाया कहर

Rupa Kumari | September 9, 2025 | 12:38 PM IST
  • राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मौसम अगले पांच दिनों तक भीगता रहने वाला है। मौसम विभाग ने 9 से 13 सितंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना भी है। बीते 24 घंटों में पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में सबसे अधिक 49.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है।

कोडरमा और चतरा में बारिश ने ली जानें

कोडरमा और चतरा जिले में अचानक आई बाढ़ और आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के खधैया गांव में बाढ़ के दौरान बाइक सवार दो युवक बह गए। ग्रामीणों ने चांदो दास को गंभीर हालत में बचाया, लेकिन उनके जीजा संजू दास अब तक लापता हैं। वहीं, सिमरिया थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रही 39 वर्षीय महिला किसान चिंता देवी वज्रपात की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गईं। कोडरमा जिले के खांडी गांव में बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक सचिन कुमार शर्मा की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो फेरीवाले बाल-बाल बच गए। चंदवारा प्रखंड के जौगी गांव में आकाशीय बिजली से तीन बकरियों की भी मौत हुई।

यह भी पढ़ें : उर्वरकों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई : 340 बोरा यूरिया लदा ट्रक जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

तापमान सामान्य से अधिक, बारिश से मिलेगी राहत

राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देवघर, धनबाद, दुमका और जमशेदपुर में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 22 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। गिरिडीह, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है, हालांकि बारिश के कारण इसमें गिरावट आ सकती है।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिल सकती है।

मानसून सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा

इस मानसून सीजन में रांची में अब तक 1317.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक है। पूरे झारखंड में 1 जून से 7 सितंबर तक कुल 1048.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 859.5 मिमी था। राज्य के बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और जामताड़ा में सामान्य से अधिक बारिश हुई, जबकि गुमला, रामगढ़ और सरायकेला-खरसावां में औसत से कम वर्षा हुई। खूंटी और लातेहार में भी बारिश सामान्य से कम रही।

Share this news

संबंधित खबरें