चेकडैम में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा, NDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Rupa Kumari | September 2, 2026 | 12:12 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : राजनगर थाना क्षेत्र में रांजन और छोटाकांकी की सीमा पर स्थित चेकडैम में नहाने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जबकि NDRF की टीम ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

दो दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा था युवक

बताया गया कि प्रद्युम्न प्रधान रोजाना की तरह स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के बाद वापस लौटा था। दोपहर में वह अपने दो अन्य साथियों के साथ रांजन-छोटाकांकी चेकडैम में नहाने पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों पानी में उतरे ही थे कि ऊपरी इलाके से अचानक पानी का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते जलस्तर बढ़ने लगा और तेज बहाव के साथ भंवर बनने लगी। इसी दौरान प्रद्युम्न संतुलन खोकर गहरे पानी में चला गया और बह गया। उसके दोनों साथी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने जाल और रस्सियों से तलाश की

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चेकडैम पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने जाल और रस्सियों की मदद से पानी के बहाव वाले हिस्से में प्रद्युम्न की तलाश शुरू की, लेकिन तेज धारा के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

NDRF के गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर NDRF की टीम को राहत और बचाव अभियान के लिए लगाया गया है। NDRF के प्रशिक्षित गोताखोर मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से चेकडैम और उससे जुड़े नदी मार्ग में तलाशी अभियान चला रहे हैं। टीम पानी के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में 1.80 करोड़ का दक्षिणबहाल पुल पहली बारिश में क्षतिग्रस्त, एप्रोच रोड की मिट्टी बही

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलने के बाद प्रद्युम्न के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं, प्रशासन ने नदी, चेकडैम और अन्य जलस्रोतों में बढ़ते जलस्तर व तेज बहाव को देखते हुए लोगों से इन स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें