Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में जेल में बंद अभय तिवारी की पत्नी सुषमा देवी की जमानत याचिका पर बुधवार को विशेष CID कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच एजेंसी को मामले की केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया है। अब सुषमा देवी की जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 3 सितंबर को होगी।
अगस्त में गिरफ्तार हुई थी सुषमा देवी
बताया गया कि CID ने सुषमा देवी को अगस्त में गिरफ्तार किया था। इससे पहले जांच एजेंसी ने जुलाई में कथित तौर पर मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अभय तिवारी को गिरफ्तार किया था। JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर दर्ज कांड संख्या 1/2025 की जांच के दौरान CID ने अभय तिवारी के अलावा उसकी पत्नी सुषमा देवी और उसके भाई को भी गिरफ्तार किया है। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच से संबंधित दस्तावेजों को महत्वपूर्ण मानते हुए CID से केस डायरी तलब की है। अब अगली सुनवाई में अदालत केस डायरी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सुषमा देवी की जमानत याचिका पर विचार करेगी।
यह भी पढ़ें : प्रोजेक्ट भवन पहुंचे भाजपा नेता, JPSC-JSSC अनियमितता और छात्रों पर FIR को लेकर मुख्य सचिव से बैठक

CID कर रही मामले की जांच
JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर दर्ज इस मामले की जांच CID कर रही है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और आरोपियों से जुड़े मामलों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है। अदालत में आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले में आगे की स्थिति जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट होगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

