Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा को देवघर से जोड़ने वाले दक्षिणबहाल जोरिया पर करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एप्रोच रोड और डायवर्सन पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया है। मंगलवार से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जोरिया में तेज बहाव के कारण जामताड़ा की ओर पुल से पहले बनी एप्रोच सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई है। इससे सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल और एप्रोच रोड का निर्माण करीब छह महीने पहले हुआ था और इतनी कम अवधि में इसकी स्थिति खराब होना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। तेज पानी के बहाव से एप्रोच सड़क के नीचे की मिट्टी बहने के कारण सड़क का हिस्सा कमजोर हो गया है। इसके अलावा डायवर्सन पुल के ऊपरी हिस्से में कई जगह हल्की दरारें भी दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच स्थिति और बिगड़ सकती है।
भारी वाहनों से बढ़ सकता है हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड से अगर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही, तो सड़क के और धंसने के साथ डायवर्सन पुल पर भी दबाव बढ़ सकता है। इससे जामताड़ा-देवघर मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात बारिश के दौरान पानी पुल के ऊपर से भी बह रहा था। फिलहाल पानी पुल के नीचे करीब एक से डेढ़ फीट की गहराई में बह रहा है। क्षेत्र में फिर तेज बारिश होने पर जलस्तर बढ़ने की आशंका है, जिससे पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति दोबारा बन सकती है।

निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
पुल और एप्रोच रोड की मौजूदा स्थिति को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नई सड़क और पुल का इतने कम समय में क्षतिग्रस्त होना गंभीर विषय है। हालांकि, निर्माण में किस स्तर की खामी है, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह भी पढ़ें : सुदेश महतो ने कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी से की मुलाकात, बंगाल के विकास समेत कई मुद्दों पर चर्चा
प्रशासन से निरीक्षण और भारी वाहनों पर रोक की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से दक्षिणबहाल जोरिया डायवर्सन का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेरिकेडिंग कर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की अपील की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो लगातार बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

