Samachar Post रिपोर्टर, रांची : धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला सूरज नायक का शव अब विवादों के केंद्र में आ गया है। युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजन इस मामले को आत्महत्या नहीं, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत बता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी और उसके मैनेजर किस्त भुगतान को लेकर लगातार सूरज नायक पर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि संबंधित लोग कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी भी देते थे, जिससे सूरज मानसिक तनाव में था। परिजनों का दावा है कि लगातार प्रताड़ना और दबाव की वजह से युवक की मौत हुई है। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
मामले को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग सेक्टर-3 शालीमार बाजार के पास एकत्र हुए और प्रोजेक्ट भवन जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

स्कूल बसें और सरकारी वाहन भी फंसे
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे स्कूल बसों, सरकारी वाहनों और अधिकारियों की गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
यह भी पढ़ें: चतरा में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर कर दी हत्या
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के आरोपों की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूरज नायक की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

