रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में रथ यात्रा की तैयारियां तेज, सुरक्षा के लिए ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी

Meenu | July 7, 2026 | 03:01 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में 16 जुलाई को होने वाली भव्य रथ यात्रा और पारंपरिक मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और भगवान जगन्नाथ के रथ के रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं, 10 जुलाई के बाद पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : ‘कैप्टन कूल’ एमएस धोनी के 45वें जन्मदिन पर CM सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं

ड्रोन और 40 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी चार ड्रोन और 40 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। निलाद्री भवन को अस्थायी पुलिस कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जबकि राजकीय मध्य विद्यालय में अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाएगा। मेला परिसर में पांच वॉच टॉवर बनाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 2,000 पुलिसकर्मी, 100 निजी सुरक्षाकर्मी, 50 बाउंसर और विभिन्न समितियों के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक मैनेजमेंट की भी विशेष योजना तैयार की है। शहीद मैदान, न्यू विधानसभा मार्ग समेत सात प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

30 तरह के झूले और नए आकर्षण बनेंगे मेले की खास पहचान

बारिश के बावजूद मेला क्षेत्र में दुकानों और झूलों की स्थापना शुरू हो चुकी है। इस वर्ष मेले में करीब 30 प्रकार के झूले लगाए जाएंगे, जिनमें टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, जाइंट व्हील, रिंग और रेंजर्स प्रमुख आकर्षण होंगे। इस बार रथ मेला कई नए आकर्षणों के साथ लोगों का स्वागत करेगा। पहली बार 360 डिग्री डोम 11D, जंगल सफारी, स्क्रीम टॉवर, भूत बंगला और मरमेड (जलपरी) शो का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा बिहार से आने वाला स्टंट शो भी इस बार का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला राइडर्स कार और बाइक पर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगी। मेले में मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को भी बढ़ावा दिया जाएगा। बाइस्कोप के माध्यम से झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की झलक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दिखाई जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें