रांची में आंदोलनरत JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से मिलीं सीता सोरेन, CBI जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Meenu | August 6, 2026 | 03:51 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड की राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता एवं पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं से भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने देर रात मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों का समर्थन जताया।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में 9-10 अगस्त को होगा भव्य आदिवासी महोत्सव, तैयारियों की समीक्षा, DDC ने दिए जरूरी निर्देश

“छात्रों की पीड़ा गंभीर, सरकार को सुननी चाहिए आवाज”

सीता सोरेन ने कहा कि कई दिनों से छात्र-छात्राएं खुले आसमान के नीचे अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की पीड़ा और बेबसी बेहद गंभीर है तथा वे केवल निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के साथ न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

JPSC-JSSC मामले की CBI जांच की मांग

भाजपा नेत्री ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक के आरोपों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच होने पर ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई संभव होगी।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

सीता सोरेन ने कहा कि JPSC और JSSC से जुड़े विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक झारखंड के युवाओं का भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा पूरी तरह बहाल नहीं हो सकेगा। सीता सोरेन ने कहा कि भाजपा युवाओं के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Share this news

संबंधित खबरें