- RPF की फ्लाइंग टीम और रांची पोस्ट की संयुक्त कार्रवाई, बरामद गांजे की कीमत करीब 6.35 लाख रुपये
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर नशे की खेप के साथ एक युवक को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 01(A) पर जांच के दौरान युवक के बैग से 12.700 किलो गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.35 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले करीब 29 वर्षीय असगर खान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के बैग और मिट्टी रंग के ट्रॉली बैग से गांजा के कुल 9 पैकेट मिले। वजन करने पर इनकी कुल मात्रा 12.700 किलोग्राम पाई गई।
बौध से झारसुगुड़ा होते हुए रांची पहुंचा था युवक
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में असगर खान ने बताया कि उसे गांजा ओडिशा के बौध में राजा नाम के व्यक्ति ने दिया था। इसके बाद वह बस से बौध से झारसुगुड़ा पहुंचा और वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस से रांची आया। तलाशी के दौरान उसके पास झारसुगुड़ा से रांची का एक अनारक्षित रेलवे टिकट भी मिला। आरपीएफ ने गांजे की खेप के साथ टिकट और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों को भी कब्जे में लिया है।
GRP को सौंपा गया आरोपी
जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरपीएफ टीम ने युवक को रोका था। दोनों बैग की तलाशी लेने पर गांजे के पैकेट बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की गई। आरपीएफ ने गिरफ्तार युवक और बरामद सामान को GRP रांची को सौंप दिया है। मामले में NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गांजे की खेप के संभावित प्राप्तकर्ता और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
















