सिमडेगा में चलती मालवाहक ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Meenu | July 26, 2026 | 01:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के जामपानी पुल के पास चलती मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक की सूझबूझ से वह समय रहते ट्रक से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक मनोज साहू, जो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के निवासी हैं, सुंदरगढ़ से फ्लाई ऐश लेकर लोहरदगा के कुड़ू जा रहे थे। इसी दौरान जामपानी पुल के समीप ट्रक में कथित रूप से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धूकर जलने लगा।

यह भी पढ़ें : दुमका में दोस्त की कुल्हाड़ी से हत्या, पत्नी से कथित संबंध के शक में वारदात; आरोपी फरार

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आग लगते ही चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और समय रहते ट्रक से बाहर निकल गया। उसकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से ट्रक को भारी नुकसान हुआ है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें