Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सिमडेगा में जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते बच्चे, नदी पार करने को मजबूर; टोंगरी टोली में पुलिया की मांग वर्षों से अधूरी
दोस्त के घर रुका था युवक, सोते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक शुक्रवार को अपने दोस्त के घर गया था और रात वहीं रुका था। आरोप है कि शनिवार दिन में जब वह खाट पर सो रहा था, तभी उसके दोस्त ने कुल्हाड़ी से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन और ग्रामीण तत्काल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या उसके दोस्त ने ही की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी से कथित संबंध को लेकर हत्या की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की पत्नी और मृतक के बीच कथित प्रेम संबंधों की चर्चा थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने हत्या के इस कथित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच नजदीकी संबंध होने की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा
पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में दो बार जेल जाने का रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

