Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : जिले के ओढ़गा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाड़ीवृंगा गांव में जहरीले सांप के डंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, बाड़ीवृंगा निवासी जयमसीह डांग घर में जमीन पर सोया हुआ था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जलडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
गंभीर हालत में किया गया रेफर
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा रेफर कर दिया। परिजन उसे सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : कोडरमा में लापता छात्र-छात्रा धनबाद से बरामद, जांच में प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।





















