मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

श्रावणी मेला 2026: देवघर स्वास्थ्य विभाग को 1.40 करोड़ रुपये का विशेष बजट, दवा और चिकित्सा व्यवस्था होगी और मजबूत

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : श्रावणी मेला 2026 में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए झारखंड सरकार ने देवघर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने देवघर के सिविल सर्जन को 1 करोड़ 40 लाख रुपये का विशेष बजट उपलब्ध कराया है, ताकि मेला अवधि के दौरान इलाज, दवाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। 30 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार इस राशि का उपयोग प्रशासनिक जरूरतों के साथ-साथ दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : रांची के अपर बाजार को जाम से मिलेगी राहत, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाएगा नगर निगम

कहां खर्च होगी 1.40 करोड़ रुपये की राशि?

सरकार की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक कुल राशि को दो हिस्सों में खर्च किया जाएगा। 40 लाख रुपये प्रशासनिक एवं कार्यालयी आवश्यकताओं पर। 1 करोड़ रुपये दवाओं, मेडिकल उपकरणों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री की खरीद पर। इसका उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।

बारिश से जुड़ी बीमारियों की दवाओं पर रहेगा विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि मानसून के दौरान फैलने वाली बीमारियों से संबंधित दवाओं की खरीद को प्राथमिकता दी जाए, ताकि अगले चार महीनों तक अस्पतालों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें। इसके अलावा सांप काटने और कुत्ता काटने के मामलों में इस्तेमाल होने वाली जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

दवाओं की गुणवत्ता पर सख्त निर्देश

सरकार ने दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया है। निर्देश के अनुसार खरीदी जाने वाली सभी दवाओं की कम से कम 80 प्रतिशत शेल्फ लाइफ शेष होना अनिवार्य होगा। साथ ही अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सके।

GeM पोर्टल और ई-टेंडर के जरिए होगी खरीद

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं और चिकित्सा सामग्री की खरीद GeM पोर्टल या ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से वित्तीय नियमों का पालन करते हुए की जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि श्रावणी मेले के दौरान देवघर आने वाले लाखों कांवरियों और स्थानीय नागरिकों को समय पर बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment