Samachar Post रिपोर्टर, रांची : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) ने अपने शीर्ष कमांडर बृजेश गंझू उर्फ अमरजीत की मौत के विरोध में झारखंड के सात जिलों में तीन दिवसीय बंद का ऐलान किया है। संगठन के पर्चों के मुताबिक बंद 24 सितंबर से शुरू होकर 26 सितंबर की रात तक जारी रहेगा। TSPC ने चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला में बंद का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि बृजेश गंझू की वाराणसी में उत्तर प्रदेश ATS के साथ हुई मुठभेड़ में मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई सही नहीं थी।
पलामू सीमान्त जोनल कमिटी ने जारी किया पर्चा
बंद का ऐलान TSPC की पलामू सीमान्त जोनल कमिटी की ओर से किया गया है। संगठन के पर्चों में जोनल कमांडर नथुनी और मंदीप के नाम का उल्लेख है। संगठन ने अपने समर्थकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। संगठन की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि बृजेश गंझू को केरेडारी और चतरा के बीच वन क्षेत्र से पहले ही हिरासत में लिया गया था। TSPC का दावा है कि इसके बाद उसे वाराणसी ले जाकर मुठभेड़ की कहानी तैयार की गई। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस अधिकारियों ने संगठन के इस दावे को खारिज किया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू वांछित उग्रवादी था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान उसे आत्मसमर्पण का मौका दिया गया था, लेकिन फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हुई।
सात जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
TSPC के बंद के ऐलान के बाद झारखंड पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। प्रभावित जिलों में संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने के साथ पुलिस गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा सरकारी प्रतिष्ठानों, रेलवे ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और CRPF जवानों की तैनाती की जा रही है।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















