ब्रेकिंग न्यूज़

श्रावणी मेला 2026: देवघर में ड्रोन शो ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, पहले दिन 74,987 भक्तों ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण

Meenu | July 31, 2026 | 10:28 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन देवघर में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। पर्यटन विभाग की ओर से शिवलोक परिसर में आयोजित भव्य ड्रोन शो ने बाबा बैद्यनाथ धाम की महिमा को आसमान में जीवंत कर दिया। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुए इस विशेष आयोजन में सैकड़ों ड्रोन ने रंग-बिरंगी रोशनी के जरिए बाबा बैद्यनाथ मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिंग, श्रावणी मेले की परंपरा और देवघर की धार्मिक विरासत की आकर्षक आकृतियां प्रस्तुत कीं। करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस शो का नजारा लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक दिखाई दिया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और पर्यटक शिवलोक परिसर में जुटे। पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें : बोकारो सदर अस्पताल के फिजियोथैरेपिस्ट ने ड्यूटी रूम में लगाई फांसी, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

आधुनिक तकनीक से धार्मिक विरासत को मिली नई पहचान

जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं के सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था करना ही नहीं, बल्कि उन्हें देवघर प्रवास के दौरान एक यादगार अनुभव भी देना है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से धार्मिक विरासत को प्रस्तुत करने का यह प्रयास श्रद्धालुओं को नई अनुभूति प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

नई कतार व्यवस्था से आसान हुआ जलार्पण

श्रावणी मेले के पहले दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर में लागू नई कतार व्यवस्था का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। पहले की तुलना में श्रद्धालुओं को कम समय में जलार्पण करने का अवसर मिला, जिससे लंबी प्रतीक्षा की समस्या काफी हद तक कम हुई। प्रशासन के अनुसार, मेले के पहले ही दिन 74,987 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसे मेले की सफल शुरुआत बताते हुए प्रशासन ने आगे भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

Share this news

संबंधित खबरें