राजकीय श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ, 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की उम्मीद

Rupa Kumari | July 29, 2026 | 04:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 का मंगलवार को झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा प्रवेश द्वार पर वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, नारियल फोड़ने, फीता काटने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, देवघर, सारठ और जरमुंडी के विधायक, जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री की निगरानी में हुई व्यापक तैयारियां

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं श्रावणी मेले की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले को पहले से अधिक भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से मेले को प्लास्टिक मुक्त और नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की। साथ ही पूजा-अर्चना में पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग पर जोर देते हुए प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का आग्रह किया।

इस बार 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि वर्ष 2025 के श्रावणी मेले में करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक किया था। इस बार 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को देवघर में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे सुखद अनुभव लेकर लौटेंगे।

‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा कांवरिया पथ

श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही सुल्तानगंज से देवघर तक फैला 105 किलोमीटर लंबा कांवरिया पथ शिवभक्तों के जयघोष से गूंज उठा। गंगा जल लेकर नंगे पांव चल रहे लाखों कांवरियों की कतारें पूरे मार्ग को केसरिया रंग में रंग रही हैं। आस्था और श्रद्धा से सराबोर शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए उत्साहपूर्वक बाबाधाम की ओर बढ़ रहे हैं। कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम, स्वास्थ्य सहायता और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें : ऑपरेशन दौरा पहाड़ : ऐसे बिछा जाल और गिरफ्त में आया 1 करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा, जानिए पूरी कहानी

सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम

राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और आपदा नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रावणी मेले के दौरान देवघर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उत्साह और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Share this news

संबंधित खबरें