मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

श्रावणी मेला 2026: देवघर DC ने तड़के किया बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार तड़के बाबा बैद्यनाथ मंदिर और पूरे मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कांवरियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और बाधारहित जलार्पण व्यवस्था उपलब्ध कराना था।

यह भी पढ़ें : RKS Construction पर आयकर विभाग का सर्वे खत्म, 10-15 करोड़ रुपये तक टैक्स देनदारी की संभावना

मंदिर परिसर से क्यू कॉम्प्लेक्स तक लिया व्यवस्थाओं का जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और क्यू कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार व्यवस्था लगातार सुचारु रखी जाए ताकि कहीं भी भीड़ का दबाव या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

CCTV से हुई पूरे मेला क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मंदिर स्थित कंट्रोल रूम भी पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ी स्क्रीन और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र, कांवरिया पथ और जलार्पण कतार की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में रेस्पॉन्स टीम को तुरंत सक्रिय किया जाए।

स्वास्थ्य सुविधाओं की भी हुई समीक्षा

उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने जीवनरक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने मातृत्व विश्राम गृहों में महिलाओं और शिशुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा के लिए बनाए गए अमानत घर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस को दिए निर्देश

मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने विभिन्न पुलिस ओपी का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सीसीटीवी निगरानी मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और हर समय मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला में ड्यूटी केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों की सेवा का अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों से सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment