Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले में NH-33 पर चौका थाना क्षेत्र के मुखिया होटल के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट कार और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बोलेरो भी बुरी तरह टूट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम और टीएमएच अस्पताल रेफर किए जाने की संभावना है। हादसे में मृतक की पहचान हरमन सिंह हुड्डा के रूप में हुई है, जो स्विफ्ट कार चला रहे थे। वहीं बोलेरो सवार डाबर अंसारी समेत अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: दो पक्षों में पत्थरबाजी, दर्जनभर घायल
पुलिस जांच में जुटी, यातायात बहाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें ओवरटेकिंग या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।






















