Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर से शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। डायल-112 में तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का शव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
तीसरी मंजिल के कमरे में मिला शव
मृतक की पहचान बबलू कुमार प्रसाद के रूप में हुई है, जो डायल-112 इकाई में ASI के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में उनका शव मिला। साथी पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने के बाद मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पटोरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : दुमका में विवेकानंद राउत के आवास पर पुलिस-वन विभाग की संयुक्त छापेमारी, दो आरोपियों की तलाश तेज

ढाई वर्षों से डायल-112 में थे तैनात
जानकारी के अनुसार, बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के निवासी थे। वे पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में डायल-112 सेवा से जुड़े हुए थे। हाल ही में उनका स्थानांतरण कल्याणपुर डायल-112 इकाई में हुआ था। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और चिंता का माहौल है। सहकर्मी भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

