Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज : साहिबगंज जिले के 32,517 विद्यार्थियों को जल्द ही प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (ITDA), साहिबगंज ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राप्त आवंटन से 2024-25 और 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के तहत 6 करोड़ 77 लाख 17 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसे PFMS के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC विवाद: छात्रों के समर्थन में संसद परिसर में झारखंड भाजपा सांसदों का मौन उपवास, CBI जांच की मांग तेज
किस वर्ग के कितने विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ?
साहिबगंज जिले में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत विभिन्न वर्गों के कुल 32,517 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इसमें अनुसूचित जनजाति (ST) के 3,519 विद्यार्थियों के लिए 70,57,500 रुपये, अनुसूचित जाति (SC) के 2,444 विद्यार्थियों के लिए 46,30,000 रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC/EBC) के 26,549 विद्यार्थियों के लिए 5,50,29,500 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार सभी श्रेणियों के लाभार्थियों के लिए कुल 6,77,17,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि मंजूर की गई है।
अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए चरणवार भुगतान
अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लाभार्थियों को छात्रवृत्ति राशि चरणबद्ध तरीके से वितरित की जाएगी। इसके तहत भाग-1 में 4,904 विद्यार्थियों के लिए 73.56 लाख रुपये, भाग-2 में 4,940 विद्यार्थियों के लिए 74.10 लाख रुपये, भाग-3 में 4,945 विद्यार्थियों के लिए 1.18 करोड़ रुपये, भाग-4 में 4,928 विद्यार्थियों के लिए 1.23 करोड़ रुपये, भाग-5 में 4,941 विद्यार्थियों के लिए 1.23 करोड़ रुपये तथा भाग-6 में 1,891 विद्यार्थियों के लिए 47.27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लंबित मामलों में अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी के एक और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के चार लाभार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति राशि प्राप्त नहीं हो सकी थी। इन सभी लंबित मामलों के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने का मौका
जिला प्रशासन ने संबंधित बैंक और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति राशि का भुगतान PFMS के माध्यम से शीघ्र और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। जिन छात्र-छात्राओं ने अब तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं किया है, वे अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
जिला प्रशासन का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। यह पहल न केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई को जारी रखने में मदद करेगी, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

Reporter | Samachar Post

