RIMS में अग्निशमन मॉक ड्रिल आयोजित, आपात स्थिति से निपटने का दिया गया प्रशिक्षण

Meenu | July 13, 2026 | 01:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची स्थित रिम्स (RIMS) के प्रबंधन विभाग की ओर से अस्पताल परिसर में अग्निशमन मॉक ड्रिल और फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में आग जैसी आपात स्थिति के दौरान मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करना तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले कई दिनों तक बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 जुलाई तक बारिश और वज्रपात के आसार

आग लगने पर तुरंत प्रतिक्रिया देने का कराया गया अभ्यास

मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर प्रतिभागियों को शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीके बताए गए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि आपात स्थिति के दौरान अस्पताल के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर कैसे निकाला जाए और मरीजों को स्ट्रेचर या अन्य सुरक्षित माध्यमों से तत्काल सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचाया जाए।

सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने पर दिया गया जोर

प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिया गया कि आग लगने जैसी स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित असेंबली प्वाइंट पर पहुंचें और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें। इसके अलावा आग के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय और आपदा के समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

करीब 300 लोगों ने लिया प्रशिक्षण

कार्यक्रम में रिम्स के डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शैलेश त्रिपाठी सहित डॉक्टर, चिकित्सा पदाधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, छात्र-छात्राएं, पैरामेडिकल कर्मी, सुरक्षा कर्मी, सफाई एवं रसोई कर्मी, आउटसोर्स कर्मचारी, मरीज और उनके परिजन शामिल हुए। इस अग्निशमन मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 300 लोगों ने भाग लिया।

Share this news

संबंधित खबरें