Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में 17 जुलाई तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। कई इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। लगातार बारिश के कारण अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग में उजड़े फुटपाथ दुकानदारों से मिले सांसद मनीष जायसवाल, पुनर्वास का दिलाया भरोसा
रांची समेत अधिकांश जिलों में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 17 जुलाई के बीच राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। बीते 24 घंटों में गोड्डा जिले के पाथरगामा में सबसे अधिक 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में दर्ज हुआ। मौसम केंद्र ने संताल परगना और कोल्हान प्रमंडल के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। 13 जुलाई इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम इन जिलों में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। 14 जुलाई चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ आसपास के कई अन्य जिले में बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

15 से 17 जुलाई तक पूरे राज्य में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 17 जुलाई के दौरान झारखंड के लगभग सभी जिलों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस अवधि में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। विशेष रूप से 15 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का अनुमान है, जबकि 16 और 17 जुलाई को भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। मेघ गर्जन और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें तथा मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें।

Reporter | Samachar Post

