रांची में विदेशी LSD ड्रग्स की एंट्री, 3-4 करोड़ की खेप बरामद; दो आरोपी हिरासत में

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की राजधानी रांची में विदेशी ड्रग्स की एंट्री से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने छापेमारी कर नीदरलैंड से मंगाई गई एलएसडी (LSD) की बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

3 से 4 करोड़ रुपये आंकी गई कीमत

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बरामद एलएसडी की कीमत करीब 3 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि एलएसडी बेहद महंगी और खतरनाक सिंथेटिक ड्रग है। इसके एक माइक्रो डॉट की कीमत लाख रुपये से अधिक तक हो सकती है, जिससे इसकी अवैध बाजार में भारी मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में रोड टैक्स डिफॉल्टरों पर सख्ती, 48,379 वाहन मालिकों को नोटिस

कुरियर के जरिए रांची पहुंच रही थी खेप

जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की सप्लाई कुरियर सेवा के माध्यम से की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इसकी जड़ें राज्य में कहां तक फैली हैं।

पंडरा ओपी क्षेत्र में छापेमारी

मामला सुखदेव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरा ओपी का बताया जा रहा है। यहीं पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर एलएसडी बरामद की। दो संदिग्धों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

रांची में पहली बड़ी बरामदगी

बताया जा रहा है कि रांची में पहली बार एलएसडी जैसी हाई-प्रोफाइल विदेशी ड्रग की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। इस घटना ने संकेत दिया है कि अब ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क छोटे शहरों तक भी पहुंच चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें