Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित हटिया (धुर्वा) डैम में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने डैम में जलकुंभी के बीच शव तैरता देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलने की खबर फैलते ही डैम के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026: देवघर DC ने तड़के किया बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के जिलों और थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Reporter | Samachar Post

